कतर गैस प्लांट विस्फोट में नेपाली नागरिक भी घायल, 13 लोगों की मौत

काठमांडू। कतर के रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित गैस उत्पादन केंद्र में रविवार को हुए भीषण विस्फोट में नेपाली नागरिकों के भी घायल होने की पुष्टि हुई है। इस हादसे में 12 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

घायलों में कई देशों के नागरिक शामिल

दोहा स्थित नेपाली दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में कुछ नेपाली नागरिक भी घायल हुए हैं। हालांकि अभी तक घायलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। घायलों में नेपाल, कतर, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, घाना, तंजानिया और नाइजीरिया के नागरिक शामिल हैं।

दूतावास ने कतर प्रशासन के हवाले से बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका समुचित उपचार किया जा रहा है।

ऊर्जा मंत्री बोले- यह दुर्घटना, कोई हमला नहीं

कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने घटना को लेकर स्पष्ट किया कि यह कोई हमला या तोड़फोड़ की घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में इसे एक औद्योगिक दुर्घटना माना जा रहा है।

विस्फोट के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। राहत और बचाव दलों ने तत्काल अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *