Homeबिहारटीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 150 मरीजों को मिला पोषण आहार...

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 150 मरीजों को मिला पोषण आहार किट, कई युवाओं ने लिया गोद

मोतिहारी। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में 150 टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

निक्षय मित्र बनकर आगे आए युवा

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में पोषण संबंधी सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कई गरीब और कमजोर वर्ग के मरीज संतुलित आहार के अभाव में पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाते। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं और विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर ‘निक्षय मित्र’ बनने और उन्हें पोषण सहायता प्रदान करने की अपील की। उन्होंने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहने चाहिए।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार भारती, कार्यकारी सदस्य सह सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संजीव और आईएमए अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने भी टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद कौशल किशोर सिंह ने किया।

25 मरीजों को गोद लेंगे युवा उद्योगपति

कौशल कुमार दुबे ने पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली प्रदान की। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस.एन. सत्यार्थी ने भी पांच मरीजों को गोद लिया। वहीं युवा उद्योगपति विशाल जायसवाल ने 25 टीबी रोगियों को गोद लेने की घोषणा की। टाटा मोटर्स के अमित जायसवाल और अभिषेक लोहिया ने भी टीबी रोगियों को गोद लेकर पोषण संबंधी सहयोग देने पर सहमति जताई।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान के तहत 150 मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस और अन्य समाजसेवी संस्थाएं आगे भी सैकड़ों टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग करेंगी। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष सह वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार, जिला जनसंपर्क अधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश, डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन, डॉ. राकेश कुमार, डीसीएम नंदन झा, डीपीसी भारत भूषण, रेड क्रॉस के रूपक कुमार, रंजीत श्रीवास्तव और आमोद कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments