नई दिल्ली। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिला आरक्षण का समर्थन किया है। पवन खेड़ा ने कहा कि पहले संसद को सुचारू रूप से चलने दिया जाए, इसके बाद अन्य मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।
पवन खेड़ा ने रिजिजू के बयान पर उठाए सवाल
रिजिजू की ओर से सामाजिक मंच एक्स पर किए गए पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रयागराज में पवन खेड़ा ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक कौन लेकर आया था और किसने इसे पेश किया था, यह सभी जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी ने वर्ष 2012 में इसे पेश किया था।
पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाने के बजाय पहले संसद को चलने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को कौन बाधित कर रहा है, यह भी सभी जानते हैं।
दरअसल, राहुल गांधी के महिला सशक्तीकरण से जुड़े बयान के बाद किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स पोस्ट को साझा करते हुए कहा था कि यह पार्टी के रुख में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। रिजिजू ने उम्मीद जताई थी कि कांग्रेस अब महिला आरक्षण विधेयक का बिना शर्त समर्थन करेगी।


