उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर शनिवार सुबह भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का भव्य और आलौकिक शृंगार किया गया। इस दौरान दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे।
मनोज तिवारी ने धार्मिक आस्था के सम्मान की अपील की
दर्शन के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि परिवार के साथ बाबा महाकाल के दरबार में जल चढ़ाना और भस्म आरती की दिव्यता को महसूस करना बेहद अलौकिक अनुभव रहा। उन्होंने देश की प्रगति, सुख-समृद्धि और लोगों की खुशहाली के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की।
कांवड़ियों और शिवभक्तों को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं और पंथ का पालन करने का अधिकार है, लेकिन किसी को दूसरे की आस्था का अनादर करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सभी लोगों से एक-दूसरे की धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं का सम्मान करने की अपील की।
भस्म आरती में हुआ बाबा महाकाल का विशेष शृंगार
महाकालेश्वर मंदिर में सुबह चार बजे पट खुलने के बाद गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं की पूजा की गई। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया और दूध, दही, घी, शकर तथा फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन हुआ।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा के अनुसार, बाबा महाकाल को रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। भगवान के मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल सजाया गया। साथ ही रजत डमरू, शेषनाग का मुकुट, रजत मुंडमाल और सुगंधित पुष्पों की माला अर्पित की गई। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।
कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को नवीन मुकुट धारण कराया गया। इसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के बीच भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा और भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।


