सुपौल। नगर परिषद कर्मियों की तीन सूत्री मांगों को लेकर जारी हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। लगातार छह दिनों से चल रही हड़ताल के कारण कूड़ा उठाव और साफ-सफाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है। शहर के कई मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का ढेर लग गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे कर्मचारी
बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज एसोसिएशन के आह्वान पर नगर परिषद के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी तीन सूत्री मांगों पर सरकार और संबंधित विभाग की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बुधवार को भी सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
कूड़े के ढेर से बढ़ी बीमारी की आशंका
हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है। इससे दुर्गंध फैल रही है और बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। नगरवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से जल्द पहल कर हड़ताल का समाधान निकालने तथा शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।


