Homeअन्तर्राष्ट्रीयनेपाल के चितवन उद्यान में दिखा सफेद हाथी, दो सप्ताह से सौराहा...

नेपाल के चितवन उद्यान में दिखा सफेद हाथी, दो सप्ताह से सौराहा क्षेत्र में कर रहा विचरण

काठमांडू। नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा क्षेत्र में एक सफेद जंगली हाथी देखा गया है। वन अधिकारियों के अनुसार, इस हाथी की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष है और यह पिछले दो सप्ताह से इलाके में घूम रहा है।

बफर जोन में रह रहा है हाथी

राष्ट्रीय उद्यान के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रवीण पौडेल ने बताया कि सफेद हाथी फिलहाल सौराहा बफर जोन में रह रहा है। हाल ही में यह हाथी हाथी प्रजनन केंद्र तक पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद अन्य जंगली हाथियों ने उसे खदेड़ दिया।

उन्होंने बताया कि अब यह हाथी राष्ट्रीय उद्यान और राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण न्यास के हाथियों के संरक्षित क्षेत्रों के आसपास विचरण कर रहा है। अभी तक उसने किसी मानव बस्ती में प्रवेश नहीं किया है और न ही किसी तरह का नुकसान पहुंचाया है।

युवा नर हाथी अक्सर हो जाते हैं अकेले

प्रवीण पौडेल के अनुसार, युवा नर हाथी कई बार अपने झुंड से अलग होकर अकेले रहने लगते हैं। हाथियों के झुंड का नेतृत्व आमतौर पर मादा हाथी करती हैं और कई बार आक्रामक या शरारती व्यवहार करने वाले युवा नर हाथियों को झुंड से बाहर कर दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह सफेद हाथी ज्यादातर सौराहा के मध्य क्षेत्र में समय बिता रहा है और कभी-कभी मादा हाथियों की तलाश में बाड़े तक पहुंच जाता है।

चितवन राष्ट्रीय उद्यान में पहले से ही ध्रुवे, गोविन्दे और रोनाल्डो जैसे कई अकेले रहने वाले जंगली हाथी मौजूद हैं। इससे पहले रोमियो, नाना पाटेकर और मकुना नाम के जंगली हाथी भी इस उद्यान में देखे जाते रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मकुना की मौत लोगों पर हमला करने की कोशिश के दौरान आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में हुई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments