नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को पांच विकेट से हरा दिया। मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में पहले गेंदबाजों ने साउथ दिल्ली की टीम को 19.5 ओवर में 160 रन पर समेट दिया। इसके बाद वेस्ट दिल्ली लायंस ने लक्ष्य को पांच विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
मयंक गुसाईं की घातक गेंदबाजी, साउथ दिल्ली 160 रन पर सिमटी
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। वेस्ट दिल्ली के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
पारी के आखिरी दौर में विजन पांचाल ने 12 गेंदों पर 24 रन की तेज पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए मयंक गुसाईं ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कुलवंत खेजरोलिया ने दो विकेट झटके, जबकि नितीश राणा को भी एक सफलता मिली।
राणा और आयुष की पारियों से वेस्ट दिल्ली की जीत
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले के दौरान ही 26 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद नितीश राणा और कृष यादव ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला।
नितीश राणा ने 25 गेंदों में 32 रन की उपयोगी पारी खेली। मध्यक्रम में कुछ विकेट गिरने के बावजूद वेस्ट दिल्ली की टीम लक्ष्य की ओर बढ़ती रही।
इसके बाद आयुष दोसेजा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 44 रन बनाए। वहीं मयंक गुसाईं ने 10 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों की अहम पारियों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।


