Homeराष्ट्रीयशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव से मची खलबली, ट्रेन में सवार थे संघ...

शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव से मची खलबली, ट्रेन में सवार थे संघ प्रमुख मोहन भागवत

फिरोजाबाद। लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार देर शाम पथराव की घटना सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच पैमेश्वर गेट के पास हुई। खास बात यह रही कि इसी ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे। हालांकि घटना में उन्हें या किसी अन्य यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

जानकारी के अनुसार कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे एक कोच का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई।

ट्रेन के टुंडला स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने टीम के साथ संबंधित कोच का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि केवल बाहरी शीशा टूटा है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बताया गया है कि मोहन भागवत कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। वह ई-1 कोच में सीट संख्या 39 और 40 पर सवार थे।

घटना के बाद पुलिस, स्थानीय अभिसूचना इकाई तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि मामले की जांच के लिए सात पुलिस टीमों का गठन किया गया है। उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments