जवान की शर्मनाक हरकत, छात्रा से छेड़छाड़ के बाद भीड़ ने पीटा

रांची : राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक जवान ने बीच सड़क पर कॉलेज छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। वारदात के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर जमकर पीट दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

घर लौट रही थी छात्रा
लालपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा मोरहाबादी स्थित अपने कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर घर लौट रही थी। जब वह करमटोली चौक होते हुए डॉक्टर एसएन यादव वाली गली से गुजर रही थी, इसी दौरान आरोपी जवान ने पीछे से आकर उसे पकड़ लिया और गलत हरकत करने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की।

शोर मचाने पर जुटी भीड़, पुलिस ने आरोपी को बचाया
छात्रा के शोर मचाते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और भाग रहे आरोपी जवान को दबोच लिया। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को उग्र भीड़ से बचाकर अपने हिरासत में लिया।

मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी की करतूत साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी जवान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *