Homeझारखंडखूंटीखूंटी में एसआईआर बैठक, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने पर जोर

खूंटी में एसआईआर बैठक, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने पर जोर

खूंटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत बुधवार को खूंटी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ स्तरीय अभिकर्ता-2 (बीएलए-2) की तीसरी संयुक्त बैठक एवं चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।

मतदाता सूची के सत्यापन पर हुई समीक्षा

बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट तथा हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप देने, प्रगणना प्रपत्रों के सत्यापन, एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने और विदेशी नागरिकों से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। साथ ही संबंधित मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) को भेजने का निर्णय लिया गया।

बीएलओ ने चिन्हित मतदाताओं से संबंधित सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि बीएलए-2 के सुझावों पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

उपायुक्त ने सहयोग की अपील की

चुनाव पाठशाला में प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, प्रगणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करने तथा डिजिटलीकरण कार्य पूरा करने की जानकारी दी गई। मतदाताओं से भी अपील की गई कि वे अपने प्रपत्रों में सभी जानकारियां सही और स्पष्ट रूप से दर्ज करें।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र व्यक्तियों को सूची से बाहर रखना है। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments