रांची समाहरणालय में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों पर शो-कॉज का निर्देश

रांची। होली अवकाश के बाद कार्यालयों में कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ और अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।

संध्या लगभग चार बजे के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय ब्लॉक-ए के सभी कार्यालयों का निरीक्षण कर उपस्थित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में मौजूद कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन पत्रों की भी जांच की और निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी नियमानुसार अवकाश आवेदन प्रस्तुत करें। जिन कर्मचारियों के बारे में यह पाया गया कि वे कार्यालय प्रधान को पूर्व सूचना दिए बिना अनुपस्थित रहे, उनके विरुद्ध संबंधित कार्यालय प्रधानों को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त की ओर से सामान्य शाखा के सहायक अर्जुन मुण्डा तथा जिला कल्याण शाखा के लनिता कुमार महतो और विकास जायसवाल को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी कर्मियों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य रूप से धारण करने और अपने-अपने टेबल पर नेमप्लेट प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। जिन कर्मचारियों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया था, उन्हें सख्त चेतावनी दी गई और भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होने देने की हिदायत दी गई।

उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अनुशासित और जिम्मेदार तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इसके लिए कार्यालय प्रधानों को भी अपने अधीनस्थ कर्मियों की नियमित उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख, स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परिसर की स्वच्छता और हरियाली बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *