Homeझारखंडमुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और समस्त झारखंडवासियों की...

मुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और समस्त झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समस्त सिख समुदाय एवं राज्यवासियों को गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत ही शुभ है। गुरुनानक जयंती समस्त सिख समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दिन होता है। आज के दिन समाज के लोग अपने प्रथम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं हर वर्ष इस दिन थोड़ी देर के लिए यहां आता हूं। गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित “प्रकाश उत्सव” में सम्मिलित होकर मुझे बहुत हर्ष की अनुभूति होती है। यह आयोजन समाज को एक सूत्र में बंधे रहने का संदेश देता है। गुरुनानक देव जी के विचारों एवं वचनों में सामाजिक एकता पर जोर दिया गया है।” मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि गुरुनानक देव जी सिर्फ सिख समाज के लिए ही नहीं, बल्कि सकल समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी दूरदर्शी सोच, उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते और उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज के निर्माण की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी के विचार, कर्म और समर्पण से हमें यह सीख मिलती है कि हम सबों का सदैव एक-दूसरे का हाथ थाम कर एकसूत्र में बंधकर आगे बढ़ते रहना चाहिए और यही दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज के इस “प्रकाश उत्सव” कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से सिख समाज के लोग यहां पहुंच रहे हैं। गुरुनानक देव जी के प्रति सच्ची श्रद्धा लोगों को यहां खींचती है। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज के इस शुभ अवसर पर मैं अपनी ओर से समस्त सिख समाज सहित “प्रकाश उत्सव” के आयोजनकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।” मौके पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) रणजीत सिंह हैप्पी, गुरुद्वारा, मेन रोड, रांची के सचिव गगनदीप सिंह सेठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के साथ बुधवार को रांची स्थित पीपी कंपाउंड के गुरुनानक स्कूल में गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित 556वें “प्रकाश उत्सव” में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और समस्त झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments