Homeझारखंडकरंट से मृत मजदूर के परिजनों को मिला 10 लाख रुपये का...

करंट से मृत मजदूर के परिजनों को मिला 10 लाख रुपये का मुआवजा

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से मृत मजदूर चेतन यादव के परिजनों को रविवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। ठेकेदार की ओर से एक लाख रुपये नकद तथा छह लाख और तीन लाख रुपये के दो चेक परिवार को सौंपे गए।

मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के पेशम पंचायत के पेशम गांव के निवासी थे। मुआवजा वितरण के दौरान उनकी पत्नी कौशल्या देवी, दोनों पुत्र, पेशम पंचायत की मुखिया रागिनी सिंहा के प्रतिनिधि मनीष सिंह, पूर्व मुखिया गोपाल प्रसाद वर्मा तथा गद्दी पंचायत की मुखिया गुलाबती देवी के पति दिनेश यादव मौजूद रहे। सभी की सहमति से मुआवजा राशि का वितरण किया गया।

जनप्रतिनिधियों के प्रयास से मिला मुआवजा

बताया गया कि मुआवजा दिलाने के लिए जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं और विधायक सरयू राय के प्रतिनिधियों ने ठेकेदार पर लगातार दबाव बनाया। इस दौरान जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, बिकास साहनी, पिंटू सिंह, दिनेश कुमार और बीरू सिंह सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने विधायक सरयू राय से संपर्क कर मृतक के गरीब परिवार की स्थिति से अवगत कराया और मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। इसके बाद सरयू राय ने अपने प्रतिनिधियों और जदयू पदाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए तथा मुआवजा मिलने तक पूरे मामले की लगातार निगरानी करते रहे।

मुआवजा मिलने के बाद मृतक के परिजन अपने गांव गिरिडीह के लिए रवाना हो गए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments