गोला में संदिग्ध मांस व चमड़ा लदा ट्रक जब्त, दो गिरफ्तार

सुजीत सिन्हा की रिपोर्ट

रामगढ़। गोला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात संदिग्ध मांस एवं चमड़ा लदे एक ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ट्रक को रोककर पुलिस के हवाले किया और मामले में कथित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि बरामद सामग्री की जांच कराई जा रही है।

कार्यकर्ताओं ने लगाया तस्करी का आरोप

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का दावा है कि ट्रक में करीब 11 टन कथित प्रतिबंधित मांस और चमड़ा लदा था। उनका आरोप है कि ट्रक चितरपुर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था और उसके साथ चल रही एक स्विफ्ट डिजायर कार मौके से फरार हो गई। कार्यकर्ताओं ने मवेशियों की कथित तस्करी और अवैध पशु वध से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा कर मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने कांड संख्या 81/26 दर्ज कर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी बापन कुमार (31) और चंदन दास (31) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अज्ञात सहित सात लोगों को नामजद किया गया है।

पुलिस का कहना है कि जब्त संदिग्ध मांस एवं चमड़े की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दुर्गंध से लोग परेशान

जब्त ट्रक से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण थाना परिसर और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *