हवा में टकराए नौसेना के दो लड़ाकू विमान, मलबे में तब्दील हुए जेट। पढ़े पूरी खबर…

वाशिंगटन : अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर शो के दूसरे दिन की शुरुआत होने से ठीक पहले अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान हवा में एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों विमानों में आग लग गई और वे मलबे में तब्दील हो गए। हालांकि, एक बड़ा चमत्कार यह रहा कि दोनों विमानों के चालक दल (क्रू) के सभी चार सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस हादसे के बाद एयर शो को तुरंत रद्द कर दिया गया।

हवा में टकराए 11 अरब के फाइटर जेट, दर्शक सुरक्षित
सीबीएस न्यूज और एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा अमेरिकी समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। आसमान में करतब दिखाने की तैयारी कर रहे ये फाइटर जेट अचानक हवा में एक-दूसरे से टकराकर नीचे गिर गए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में सैन्य अड्डे पर मौजूद किसी भी दर्शक या नागरिक को चोट नहीं आई है। चालक दल के चारों सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उनकी हालत स्थिर है।

अमेरिकी प्रशांत बेड़े की नौसेना वायु सेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान ‘इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129’ के ईए-18जी ग्रोवलर (EA-18G Growler) थे। इन विमानों को वॉशिंगटन के व्हिडबे आइलैंड से तैनात किया गया था। अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, इस श्रेणी के एक विमान की कीमत करीब 67 मिलियन डॉलर (लगभग 5.5 अरब रुपये) है, यानी हादसे में करीब 11 अरब रुपये से अधिक के विमान नष्ट हो गए हैं।

हादसे के बाद एयर फोर्स बेस सील, शो रद्द
एयर शो के आयोजन से जुड़ी संस्था ‘सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो’ की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने राहत जताते हुए कहा कि सैन्य बेस पर कोई भी हताहत नहीं हुआ है। सभी लोगों का सुरक्षित होना ही सबसे महत्वपूर्ण बात है। हादसे के तुरंत बाद सैन्य हवाई अड्डे को पूरी तरह सील कर दिया गया और माउंटेन होम पुलिस ने जनता को बेस के आसपास न जाने की चेतावनी जारी की।

यह एयर शो विमानन इतिहास और आधुनिक सैन्य क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए काफी लोकप्रिय है, जिसमें हवाई करतब और पैराशूट जंप शामिल होते हैं। इस बार अमेरिकी वायु सेना का प्रसिद्ध फ्लाइट डेमोंस्ट्रेशन स्क्वाड्रन ‘थंडरबर्ड्स’ इस दो दिवसीय शो का मुख्य आकर्षण था, लेकिन इस हादसे के बाद पूरे इवेंट को रद्द करना पड़ा। फिलहाल अमेरिकी नौसेना ने दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *