बोकारो,। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि कर्तव्य और मजबूत इरादों का बजट है। यह बजट देश की जनता के प्रति सरकार के प्रत्येक दायित्व को पूरा करने का संकल्प दर्शाता है और हर वर्ग, हर क्षेत्र तथा हर नागरिक को सशक्त बनाने का स्पष्ट विजन प्रस्तुत करता है।
सेठ शुक्रवार काे भाजपा बोकारो जिला की ओर से केंद्रीय बजट 2026 को लेकर चास में आयोजित पत्रकार वार्ता में बाेल रहे थे।
उन्हाेंने कहा कि बजट जमीनी स्तर पर प्रोत्साहन और सहयोग देने वाला है, जिससे आम नागरिकों को आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विरासत और विकास को साथ लेकर देश को आगे बढ़ाने का मार्गदर्शन दे रहे हैं, जिसकी स्पष्ट झलक इस बजट में देखने को मिलती है। यह बजट विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, पर्यटन, ग्रामीण विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल और तीर्थ स्थलों सहित सभी क्षेत्रों को समाहित करते हुए विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करता है।
उन्होंने कहा कि बजट में गांव से शहर तक, शिक्षा से स्वास्थ्य तक सभी क्षेत्रों का संतुलित समन्वय किया गया है। रक्षा बजट को बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये किए जाने पर उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भर बनेगा, सीमा क्षेत्रों का विकास होगा और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण को बल मिलेगा।
संजय सेठ ने खेल क्षेत्र को दी गई विशेष प्राथमिकता की सराहना करते हुए कहा कि खेलो इंडिया मिशन के तहत खेल क्षेत्र रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर केंद्रित यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना को मजबूत करता है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा जिलाध्यक्ष जयदेव राय, जिला महामंत्री संजय त्यागी, अर्चना सिंह सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। इससे पूर्व चास पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
