पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय बजट को लोक-कल्याणकारी, सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बताया है
रघुवर दास ने रविवार को कहा कि यह बजट देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक सशक्त आधार प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि बजट समाज के प्रत्येक वर्ग—गांव, गरीब, किसान, युवा, नारी शक्ति, आदिवासी, दलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा और मध्यम वर्ग को सशक्त एवं सक्षम बनाने पर केंद्रित है।
रघुवर दास ने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी है, जिसमें देश के जन-जन और सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण की स्पष्ट झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक संतुलन और समावेशन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे यह आमजन के हितों से जुड़ा एक प्रभावी बजट बनता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बजट के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने चार करोड़ झारखंडवासियों की ओर से केंद्र सरकार के प्रति आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया।—
