रांची। नगर निगम की विजिलेंस टीम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार सड़कों पर उतर आए। उग्र दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और इस अभियान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और लिखित नोटिस के की जा रही इस मौखिक कार्रवाई से हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
सर्वे और टाउन वेंडिंग कमेटी चुनाव की मांग
प्रदर्शनकारी दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले नौ वर्षों से फुटपाथ दुकानदारों का कोई नया सर्वे नहीं कराया गया है, जबकि पिछले पांच सालों से टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) का चुनाव भी अधर में लटका है। दुकानदारों ने इसे उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन बताते हुए मांग की है कि नियमों के तहत 30 दिन का नोटिस दिए बिना कोई भी दुकान न हटाई जाए। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द लंबित सर्वे पूरा कराने और वेंडिंग कमेटी का चुनाव कराने की अपील की है।
जेपीएससी अभ्यर्थियों का धरना और प्रदर्शन, घंटों ठप रही राजधानी की रफ्तार
एक तरफ फुटपाथ दुकानदारों का प्रदर्शन और दूसरी तरफ जेपीएससी (JPSC) अभ्यर्थियों के धरने के कारण मंगलवार को रांची की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कचहरी चौक सहित राजधानी के तमाम प्रमुख मार्गों पर घंटों तक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। कचहरी रोड, रेडियम रोड, जेल रोड, रातू रोड, अल्बर्ट एक्का चौक और लालपुर से कचहरी चौक तक गाड़ियां रेंगती नजर आईं। इस भीषण जाम के चलते दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आम जनता को भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। स्कूल बसों के फंसने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
