पूर्वी सिंहभूम। साकची टिन शेड स्थित फल मंडी में विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए मो. फहीम को पुलिस द्वारा हथकड़ी पहनाकर और कमर में रस्सी बांधकर बाजार में घुमाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, आरोपित की पत्नी फरजाना ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्नी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके पति के साथ मारपीट की गई और उनकी जेब से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
फल की कीमत को लेकर हुआ था विवाद
फरजाना के अनुसार, शुक्रवार सुबह मो. फहीम फल खरीदने के लिए साकची फल मंडी गया था। वहां फल की कीमत को लेकर दुकानदारों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जेब से रुपये निकाल लिए।
वहीं, फल व्यवसायी राकेश केशरी ने साकची थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि मो. फहीम ने भाव पूछने के बाद दोबारा आकर विवाद शुरू किया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए दुकान में रखे फल सड़क पर फेंक दिए और विरोध करने पर कर्मचारी असद हुसैन के साथ मारपीट की।
दोनों पक्षों की शिकायत की जांच कर रही पुलिस
व्यवसायी की शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी माधव चातर के साथ भी मारपीट की गई। घटना में घायल असद हुसैन को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मो. फहीम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे हथकड़ी और कमर में रस्सी बांधकर फल मंडी क्षेत्र में घुमाया गया। वीडियो में वह कुछ लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


