Homeक्राइमवाह रे शराब माफिया तेरे ग़ज़ब के कारनामे : ट्रक पलटा तो...

वाह रे शराब माफिया तेरे ग़ज़ब के कारनामे : ट्रक पलटा तो निकली 13 ट्रैक्टर शराब, पुलिस भी दंग

दुमका : झारखंड के दुमका जिले में एक सड़क हादसे ने शराब तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक पलटने के बाद जो सच सामने आया, उसने ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन की आंखें फाड़ दीं। ट्रक में आटा और वाशिंग पाउडर की बोरियों के नीचे अवैध शराब का जखीरा छिपाकर ले जाया जा रहा था।

शातिर तस्करी: ऊपर आटा, नीचे शराब का दरिया
जमुनिया गांव के पास जब ट्रक पलटा, तो शुरुआत में सिर्फ राशन का सामान दिखा। लेकिन जांच बढ़ने पर तस्करी का सनसनीखेज तरीका उजागर हुआ, ट्रक में ऊपर से आटा और वाशिंग पाउडर की बोरियां लदी थीं। दो-तीन लेयर नीचे शराब की पेटियां इस कदर छिपाई गई थीं कि सामान्य जांच में पकड़ना मुश्किल था। बरामद शराब इतनी अधिक थी कि उसे समेटने और थाने ले जाने के लिए पुलिस को 13 ट्रैक्टरों और दर्जनों मजदूरों को बुलाना पड़ा। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलों का अंबार लग गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अपनी सुरक्षा में लिया।

ओडिशा से मोतिहारी का कनेक्शन
पकड़े गए वाहन के सह-चालक (खलासी) ने पूछताछ में कई अहम राज उगले हैं। शराब की यह बड़ी खेप ओडिशा से बिहार के मोतिहारी ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी खलासी शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो घटना के वक्त नशे में धुत्त था। चालक मौका पाकर फरार होने में सफल रहा।

एसपी का बयान: सिंडिकेट पर कड़ी नजर
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, “ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है और फिलहाल कागजों की जांच की जा रही है।” “पकड़ा गया युवक महाराष्ट्र का रहने वाला है। हम इस पूरे तस्करी रूट और इसके पीछे के असली मालिकों का पता लगा रहे हैं।” फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

शराब तस्करी के लिए जिस तरह आटा और वाशिंग पाउडर जैसी रोजमर्रा की चीजों का इस्तेमाल ‘कवर’ के रूप में किया गया, उसने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ा दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments