औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 170 लीटर पेट्रोल और बिना नंबर प्लेट का एक लोडर वाहन बरामद किया गया। आरोपित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अयाना थाना क्षेत्र के जुहीखा पुल के पास देर रात वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 2:45 बजे बिना नंबर प्लेट के एक तीन पहिया लोडर को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने अपनी पहचान पाकर का पूर्वा निवासी दीपेश सिंह के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान वाहन से छह प्लास्टिक के कैन मिले। इनमें एक खाली था, जबकि पांच कैनों में कुल 170 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। चालक पेट्रोल की खरीद और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका।
बिना लाइसेंस ऊंचे दाम पर बेचता था पेट्रोल
सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक प्रीतम कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह पेट्रोल और डीजल खरीदकर मोटरसाइकिल चालकों को फुटकर में अधिक कीमत पर बेचता था।
जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास पेट्रोल के भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था और वह कालाबाजारी की नीयत से बड़ी मात्रा में पेट्रोल जमा कर बिक्री कर रहा था।
पेट्रोल के नमूने सील, जांच जारी
पूर्ति विभाग ने पेट्रोल के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया। बरामद पेट्रोल को सुरक्षित रखने के लिए दुबे फिलिंग स्टेशन, अयाना के प्रबंधक की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि बिना नंबर का लोडर पुलिस अभिरक्षा में जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
