जम्मू। अमरनाथ यात्रा के लिए गुरुवार तड़के 1,795 तीर्थयात्री जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुए। इस बीच बालटाल से 1,943 तीर्थयात्री जम्मू लौटे। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुचारू रूप से जारी है।
संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष जम्मू के अनुसार अमरनाथ यात्रा का 23वां जत्था तड़के 2:44 बजे 83 वाहनों के काफिले के साथ रवाना हुआ। इनमें 41 बसें, 11 मध्यम मोटर वाहन, 30 हल्के मोटर वाहन और एक दोपहिया वाहन शामिल है। जत्थे में 1,406 पुरुष और 389 महिला तीर्थयात्री शामिल हैं। श्रद्धालुओं के साथ एस्कॉर्ट वाहन और एक एम्बुलेंस भी भेजी गई है।
पहलगाम मार्ग से आज कोई जत्था रवाना नहीं हुआ
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पहलगाम मार्ग से किसी भी जत्थे के रवाना होने का कार्यक्रम नहीं है। 23वें जत्थे के प्रस्थान के साथ ही इस वर्ष भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होने वाले कुल तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़कर 1,34,201 हो गई है।
बालटाल से 1,943 तीर्थयात्री लौटे
बालटाल बेस कैंप से जम्मू लौटने वाले 22वें जत्थे में 1,943 तीर्थयात्री शामिल थे। इनमें 1,413 पुरुष, 392 महिला श्रद्धालु, 12 बच्चे, 97 साधु और 29 साध्वियां शामिल हैं। प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और बालटाल मार्ग पर सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं।


