10वीं-12वीं के 87 मेधावी छात्रों को मिलेगा 3 लाख रुपये तक का पुरस्कार

रांची। झारखंड सरकार राज्य के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के 87 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेगी। जुलाई में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के राज्य स्तरीय प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस सम्मान समारोह की तैयारियां स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुरू कर दी हैं।

प्रथम स्थान पर 3 लाख रुपये तक का पुरस्कार

सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये का चेक, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। द्वितीय स्थान पाने वालों को दो लाख रुपये के साथ लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये, लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

तीनों बोर्ड के मेधावी होंगे सम्मानित

राज्य सरकार जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं के राज्य स्तरीय टॉपर्स को सम्मानित करेगी। 12वीं में विज्ञान, कला, वाणिज्य समेत अन्य निर्धारित संकायों के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

आईसीएसई बोर्ड में सबसे अधिक टॉपर्स

इस वर्ष आईसीएसई बोर्ड से सबसे अधिक 31 टॉपर्स चयनित हुए हैं। इनमें 10वीं के 14 और 12वीं के 17 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सीबीएसई बोर्ड से कुल 25 टॉपर्स चयनित हुए हैं, जिनमें 10वीं के नौ तथा 12वीं के विभिन्न संकायों और वोकेशनल वर्ग के 16 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं जैक बोर्ड से कुल 22 टॉपर्स चुने गए हैं, जिनमें 10वीं के 12 और 12वीं के 10 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

सीबीएसई की अंतिम सूची का इंतजार

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अनुसार, सीबीएसई ने अभी तक 10वीं की आधिकारिक राज्य टॉपर्स सूची उपलब्ध नहीं कराई है। विभाग ने इस संबंध में सीबीएसई को पत्र भेजा है। 10वीं की पुनर्परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अंतिम सूची में बदलाव संभव है। इसके बाद सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी परिवर्तन हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *