सारंडा में आईईडी विस्फोट, दो ग्रामीणों की मौत से दहशत

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र के जराईकेला थानांतर्गत गांव तिरिलपोसी के पास मंगलवार शाम हुए आईईडी विस्फोट में घायल दो ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जयसिंह चेरोवा (35) और सलाई चेरोवा (31) के रूप में की गई है। दोनों तिरिलपोसी गांव के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब साढ़े चार बजे दोनों ग्रामीण जंगल में वनोपज संग्रह करने गए थे। इसी दौरान वे पूर्व से लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जंगल में ही गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन घने जंगल और अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आईईडी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया गया था। दुर्भाग्यवश इसकी चपेट में निर्दोष ग्रामीण आ गए। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जब सुरक्षाबल घटनास्थल तक पहुंचे तो दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में देरी को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *