रांची। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय नारी सबपे भारी संस्था की ओर से बिरसा चौक के समीप एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिलाओं के हित में कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
संस्था की संस्थापक अध्यक्ष परमजीत कौर ने स्वागत भाषण में कहा कि भले ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को मनाया जाता है, लेकिन संस्था ने उससे पहले ही प्रतिभाशाली महिलाओं और समाज में महिलाओं की सहायता करने वाले लोगों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है, ताकि उनके सराहनीय कार्यों को समाज के सामने लाया जा सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथारू थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कमल ठाकुर, गिरिजा शंकर पेड़ीवाल, सेंको ज्वेलर्स के मनोज वर्मा और असगर अली उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ज्योति सिंह माथारू ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है, क्योंकि महिलाओं के बिना देश और समाज की प्रगति अधूरी है। वहीं कमल ठाकुर ने दैनिक जीवन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान कुल 31 महिलाओं को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन गिरिजा शंकर पेड़ीवाल ने किया।
इस अवसर पर भगवा नारी सेना की अध्यक्ष पिया बर्मन, रविन्द्र रवि मेहता, शैली कुमारी, डॉली जायसवाल, वंदना झा, सूफिया खातून, अमरजीत सिंह, नीलम शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
