रांची। जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की। इसमें उपविकास आयुक्त संजय भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन प्रभात कुमार, सदर अस्पताल ब्लड बैंक की प्रबंधक मंजू कुमारी और विभिन्न निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले के सभी ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता की समीक्षा की गई। रक्त की कमी को दूर करने के लिए वर्षभर का रक्तदान शिविर कैलेंडर तैयार कर नियमित अंतराल पर शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
कॉलेजों, कार्यालयों और संस्थानों में लगेंगे शिविर
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, पुलिस विभाग, एयरपोर्ट, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों तथा अन्य संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले के सभी ब्लड बैंक अपने यहां उपलब्ध रक्त की स्थिति नियमित रूप से अद्यतन करें, ताकि नागरिकों और अस्पतालों को विभिन्न ब्लड ग्रुप की उपलब्धता की सही और ताजा जानकारी समय पर मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने सभी संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़कर समाजहित में योगदान देने की अपील की।


