Homeखेलपलामू में सवा करोड़ का डोडा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

पलामू में सवा करोड़ का डोडा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

पलामू : जिले के नौडीहा और छत्तरपुर थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य का डोडा जब्त किया है, जबकि दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल हो रहा पिकअप वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

शुक्रवार को वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जवाड़ के जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा की खरीद-बिक्री और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर इलाके में छापेमारी शुरू की। जंगल के रास्ते चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (जेएच03एएस1822) को रोका, जिस पर सवार दो युवक आगे-आगे चल रहे थे। पूछताछ के दौरान ही पीछे आ रहा पिकअप वाहन कुछ दूरी पर रुक गया और उसका चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने जब बाइक सवारों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने बड़ा खुलासा किया। दोनों तस्कर पिकअप में लदे अफीम डोडा को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्कॉट कर रहे थे, ताकि रास्ते में कोई समस्या न आए और माल सीधे व्यापारी तक पहुंचाया जा सके। पुलिस ने पिकअप वाहन से 60 प्लास्टिक बोरे में भरा करीब 815 किलोग्राम डोडा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान छत्तरपुर थाना क्षेत्र के रजडेरवा निवासी विजय परहिया (25) और नावाजयपुर थाना के कोल्हुआ (रोल) निवासी प्रमोद यादव (40) के रूप में हुई। दोनों पलामू जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

छतरपुर एसडीपीओ अवध यादव ने शनिवार काे बताया कि इस मामले में नौडीहा बाजार थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार पिकअप चालक और इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है। जिसमें स्थानीय स्तर पर रेकी कर बड़े व्यापारियों तक माल पहुंचाया जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments