Homeक्राइम8 घंटे तक पुलिस का तगड़ा फ़िल्मी एक्शन, आरोपी के दोनों पैरों...

8 घंटे तक पुलिस का तगड़ा फ़िल्मी एक्शन, आरोपी के दोनों पैरों में मारी गोली

सीवान : नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास हुए सनसनीखेज गोलीकांड में सीवान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 08 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधी के दोनों पैरों में गोली लगी है।

मामूली विवाद और बड़ी वारदात
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम को एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें भाजपा नेता के भांजे हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

सीसीटीवी और तकनीक से पकड़ा गया सुराग
घटना के तुरंत बाद एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो एक संदिग्ध वाहन और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव की पहचान हुई।

एनकाउंटर और गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में आरोपी छोटू यादव के दोनों घुटनों में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर
घायल आरोपी को पहले सीवान के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया है। ऑन-ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार, गोलियां घुटनों के आर-पार हो गई हैं।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई से सीवान पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments