पटना : बिहार के पटना जिला अंतर्गत बाढ़ स्टेशन परिसर के बाहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने पति को उसकी ‘नई नवेली’ दूसरी पत्नी के साथ घूमते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए। पहली पत्नी और उसके मायके वालों ने बीच सड़क पर ही धोखेबाज पति की जोरदार कुटाई कर दी। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण स्टेशन रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई।
खुद को कुंवारा बताकर दो दिन पहले की थी दूसरी शादी
पूरा मामला पारिवारिक कलह, धोखेबाजी और दूसरी शादी से जुड़ा हुआ है। आरोपी पति की पहचान नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। सोनू की शादी 14 साल पहले सकसोहरा थाना क्षेत्र के भागाबीघा गांव में धूमधाम से हुई थी। दोनों की एक 12 साल की बेटी भी है। पिछले कुछ समय से घर में लगातार झगड़ा चल रही था, जिससे तंग आकर सोनू ने अपने परिवार को छोड़ दिया।
दूसरी शादी: परिवार से अलग होने के बाद सोनू ने खुद को कुंवारा बताया और महज दो दिन पहले (वट सावित्री पूजा के अवसर पर) एनटीपीसी थाना क्षेत्र के रैली गांव की एक महिला से दूसरी शादी रचा ली। इस महिला का भी पहले से दो साल का एक बच्चा है।
गुप्त सूचना मिलते ही धमक पड़े मायके वाले
शादी रचाने के बाद सोनू अपनी दूसरी पत्नी को घुमाने के लिए बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर लेकर पहुंचा था। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे देख लिया और तुरंत इसकी जानकारी उसकी पहली पत्नी के मायके वालों को दे दी।
सूचना मिलते ही पहली पत्नी के दर्जनों आक्रोशित परिजन बाढ़ स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने सोनू को उसकी दूसरी पत्नी के साथ रंगे हाथों दबोच लिया और बीच सड़क पर ही उसकी क्लास लगा दी। हंगामे और मारपीट को बढ़ता देख सोनू की दूसरी पत्नी घबरा गई और भीड़ का फायदा उठाकर चुपके से वहां से रफूचक्कर हो गई।
ई-रिक्शा पर लादकर ले गए परिजन, पुलिस नदारद
गुस्साए परिजनों ने सोनू की जमकर धुनाई करने के बाद उसका कॉलर पकड़ा और जबरन एक ई-रिक्शा पर बिठाकर उसे अपने साथ सकसोहरा थाना क्षेत्र की ओर लेकर चले गए।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बाढ़ स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में करीब एक घंटे तक यह तमाशा चलता रहा, लेकिन न तो स्थानीय पुलिस और न ही रेल पुलिस (GRP/RPF) का कोई जवान मौके पर स्थिति को संभालने पहुंचा।
