Homeअन्तर्राष्ट्रीयप्रेमिका संग मिलकर पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने...

प्रेमिका संग मिलकर पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात

बलिया : जिले के शिवपुर दियर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मृतका के पति चुन्नीलाल प्रजापति और उसकी कथित प्रेमिका शोभा चौरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार देर शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका की पहचान प्रीति प्रजापति के रूप में हुई है। प्रीति की शादी 6 मार्च 2025 को रेवती निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 22 मई को शोभा चौरसिया प्रीति को घुमाने के बहाने ई-रिक्शा से बयासी पुल के पास ले गई। वहां उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद चुन्नीलाल मौके पर पहुंचा और दोनों आरोपित बेहोश प्रीति को बाइक से एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां चुन्नीलाल ने कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपितों ने प्रीति के लापता होने की अफवाह फैलाई। इतना ही नहीं, घटना के दो दिन बाद चुन्नीलाल ने खुद ही पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, ताकि पुलिस का शक उस पर न जाए।

हालांकि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मृतका के आभूषण, चूड़ियां, ब्लाउज, पर्स और नकदी बरामद की गई।

पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments