तनवीर अंसारी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए तनवीर अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के लेग गार्ड को भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद ही हत्या की वजह बना।

पुलिस के अनुसार, फिरदौस नगर मनीटोला निवासी खतीजा खातून की शिकायत पर 26 मई को डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पति तनवीर अंसारी के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बाद में रिम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद मामले को हत्या में परिवर्तित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तनवीर अंसारी और मुख्य आरोपित जावेद अख्तर के परिवारों के बीच काफी समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़े की घटनाएं हो चुकी थीं।

पुलिस के मुताबिक, 26 मई की सुबह जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज अपने घर के पास मौजूद थे। उसी दौरान तनवीर अंसारी बाइक से वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि जावेद अख्तर ने बाइक के लोहे के लेग गार्ड से तनवीर अंसारी के सिर पर पीछे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल तनवीर अंसारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोहे का लेग गार्ड भी बरामद कर लिया है।

डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका ने रविवार को बताया कि जांच में दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद सामने आया है, जो इस घटना का मुख्य कारण प्रतीत होता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *