जमुई : बिहार के जमुई जिले में जेंडर परिवर्तन के बाद हुई एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। लक्ष्मीपुर प्रखंड स्थित पटेश्वर नाथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुए इस विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शादी के बाद परिवार द्वारा निभाई गई पारंपरिक रस्मों के वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर क्षेत्र के नाजारी गांव निवासी राखी कुमारी एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनका हरला महथा गांव निवासी नैंसी कुमारी के साथ कई वर्षों से गहरा लगाव और प्रेम संबंध था। दोनों रिश्ते में ममेरी बहन बताई जाती हैं।
बताया जाता है कि समय के साथ दोनों के संबंध और मजबूत होते गए। इसी दौरान नैंसी कुमारी ने जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की और अब राहुल के नाम से पहचाने जाते हैं। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को सामाजिक और वैवाहिक पहचान देने का निर्णय लिया।
रविवार को लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र स्थित पटेश्वर नाथ मंदिर में दोनों ने हिंदू परंपराओं के अनुसार विवाह किया। शादी समारोह सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ा राहुल के घर पहुंचा, जहां परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में परिवार के सदस्य नवदंपती का गृह प्रवेश कराते और अन्य पारंपरिक रस्में निभाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह विवाह क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया है।
इस शादी को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग हैं। कुछ लोग इसे प्रेम और आपसी विश्वास की मिसाल बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे बदलते सामाजिक परिवेश और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के दृष्टिकोण से देख रहे हैं।
हालांकि, जेंडर परिवर्तन से जुड़े दस्तावेजों और विवाह संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं की आधिकारिक पुष्टि संबंधित पक्षों या प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। फिलहाल यह विवाह जमुई और आसपास के इलाकों में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
