नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को उत्तर मैसेडोनिया की राजधानी स्कोप्जे पहुंचीं। यहां हवाई अड्डे पर उत्तर मैसेडोनिया के विदेश मंत्री टिमचो मुकुन्स्की ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
भारतीय राष्ट्रपति की पहली यात्रा
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की उत्तर मैसेडोनिया की पहली यात्रा है। इस दौरे को दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मु की इस यात्रा से भारत और उत्तर मैसेडोनिया के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
मोल्दोवा के बाद पहुंचीं उत्तर मैसेडोनिया
राष्ट्रपति मुर्मु ने अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा का दौरा पूरा किया। उत्तर मैसेडोनिया रवाना होने से पहले उन्होंने चिसीनाउ में आयोजित राजकीय भोज में हिस्सा लिया और वहां भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।
उत्तर मैसेडोनिया में राष्ट्रपति मुर्मु दो दिन तक रहेंगी। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।


