रिपोर्ट । शेखर खां
धनबाद। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने वाली धनबाद की पूनम कुमारी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। भूदा बस्ती निवासी दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने नीट में 582 अंक, 99.1375 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 16,972 हासिल की है।
सीएम उत्कृष्ट विद्यालय से पढ़ाई कर हासिल की सफलता
पूनम एसएसएलएनटी सीएम उत्कृष्ट गर्ल्स विद्यालय की छात्रा रही हैं। इससे पहले उन्होंने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर धनबाद जिला टॉपर बनने का गौरव भी हासिल किया था।
पूनम के पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि मां पीपू देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पूनम ने लगातार मेहनत जारी रखी और नीट में सफलता हासिल कर अपने डॉक्टर बनने के सपने को मजबूत आधार दिया।
जिला प्रशासन उठाएगा पढ़ाई का पूरा खर्च
नीट में सफलता पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पूनम को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन पूनम की मेडिकल पढ़ाई से लेकर डॉक्टर बनने तक का पूरा खर्च वहन करेगा।
उपायुक्त ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूनम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्डियोलॉजिस्ट बन जरूरतमंदों की सेवा करना चाहती हैं पूनम
पूनम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दिया। उन्होंने कहा कि सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और सरकार की सुविधाओं के कारण उन्हें बेहतर अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि पिता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन लिया था। यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई और बेहतर शैक्षणिक माहौल ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की।
पूनम का सपना भविष्य में कार्डियोलॉजिस्ट बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि सीएम उत्कृष्ट विद्यालय जैसे प्रयासों से गरीब परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर मिल रहे हैं।


