गड्ढे में युवक के डूबने की आशंका, तलाश अभियान जारी

पलामू : जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक के माइंस के गहरे जलभराव वाले गड्ढे में डूब जाने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सोहया पहाड़ स्थित दमदमी गांव के समीप की है, जहां युवक के लापता होने के बाद पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पतरा खुर्द गांव निवासी सत्येन्द्र प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार बुधवार को माइंस क्षेत्र के गहरे पानी वाले गड्ढे के पास गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह पानी में उतरे थे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले। इसके बाद उनके डूबने की आशंका जताई गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। गहरे पानी और कठिन परिस्थितियों के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन कार्य के बाद बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से यह क्षेत्र लंबे समय से हादसों की दृष्टि से संवेदनशील बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और कई बार प्रशासन व संबंधित प्रबंधन को इस संबंध में अवगत कराने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से युवक की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। युवक के मिलने या अभियान पूरा होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *