अंडमान सागर में प्राकृतिक गैस का बड़ा भंडार मिला, ऊर्जा क्षेत्र के लिए अहम उपलब्धि

नई दिल्ली : भारत को ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अंडमान सागर के गहरे समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक गैस के नए भंडार की खोज हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने इस खोज की पुष्टि की है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए अहम उपलब्धि बताया है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अंडमान सागर में ऊर्जा संसाधनों की अपार संभावनाएं और मजबूत हुई हैं। उन्होंने बताया कि ‘श्री विजयपुरम-3’ कुएं में प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि होना अत्यंत उत्साहजनक है और यह भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।

जानकारी के अनुसार, यह खोज अंडमान द्वीपसमूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ‘श्री विजयपुरम-3’ नामक खोजी कुएं में की गई है। यह कुआं समुद्र में लगभग 355 मीटर गहरे जल क्षेत्र में ड्रिल किया गया था।

ऑयल इंडिया लिमिटेड ने ईओसीन संरचना में 1900 मीटर से अधिक गहराई तक ड्रिलिंग की। प्रारंभिक परीक्षण के दौरान लगातार गैस फ्लेयरिंग देखी गई, जिससे वहां प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज भविष्य में देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और आयात पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *