भोपाल : मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा के दोनों उम्मीदवार दोपहर करीब 12:30 बजे विधानसभा पहुंचे और रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, वरिष्ठ नेता एवं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में दोनों उम्मीदवारों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय परिसर स्थित शिव और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। इसके पश्चात नेताओं का काफिला विधानसभा के लिए रवाना हुआ। बताया गया कि 15 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ भाजपा नेता और कार्यकर्ता विधानसभा पहुंचे, जहां उम्मीदवारों ने नामांकन की औपचारिकताएं पूरी कीं।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। भाजपा ने दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को मैदान में उतारा है।
