सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में हाई अलर्ट, जंतर-मंतर पर जुटे समर्थक

नई दिल्ली : डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की करीब 40 कंपनियों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद मध्य दिल्ली समेत कई प्रमुख इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संगठन के संस्थापक अभिजीत डिपके के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रमुख रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डे और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त और एसीपी स्तर के अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बलों को भी तैयार रखा गया है।

पुलिस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर भी एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं स्पेशल ब्रांच को सभी जिलों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा निजी कैब एग्रीगेटर कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर जंतर-मंतर की ओर होने वाली असामान्य आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

अभिजीत डिपके दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे, जहां प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। संगठन ने अपने समर्थकों से निर्धारित स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत पिछले महीने न्यायालय में की गई एक टिप्पणी के विरोध में व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी। बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से समर्थन मिलने के बाद यह एक संगठित ऑनलाइन अभियान के रूप में उभरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *