हजारीबाग : बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरू में एक महिला को साधु के वेश में ठगी का शिकार बनाने वाले तीन शातिर आरोपितों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से ठगे गए सोने के जेवर समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
धार्मिक बातों में उलझाकर ठगे जेवर
पुलिस के अनुसार, हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के घर तीन व्यक्ति साधु बनकर पहुंचे थे। उन्होंने धार्मिक बातों में उलझाकर महिला का विश्वास जीता और सोने का जेवर (जीतिया) लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपित
सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध साधु एक ऑटो से भाग रहे हैं। इसके बाद क्षितिज अस्पताल के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र निवासी मलेट्री लाठौर, अखिलेश लाठौर और तितई लाठौर के रूप में हुई है।
ठगे गए जेवर बरामद
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से महिला से ठगा गया सोने का जीतिया, मोती लगा माला और सोने जैसे दिखने वाले सात छोटे-छोटे लॉकेट बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
