रांची : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के इंतजार के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने राज्य में 13 से 15 जून के बीच मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले कुछ दिनों में मानसून झारखंड में दस्तक दे सकता है।
मानसून की रफ्तार तेज, विभाग की नजर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान इसके झारखंड के साथ महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। विभाग लगातार इसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
गर्मी और उमस से लोग बेहाल
मानसून आने से पहले राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। रांची समेत कई जिलों में सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखा गया। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को सामान्य तापमान से भी ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
पिछले 24 घंटों में रांची में अधिकतम आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक नमी के कारण पसीना जल्दी नहीं सूखता, जिससे उमस बढ़ जाती है और गर्मी अधिक महसूस होती है।
डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म
मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, जमशेदपुर में 41.3 डिग्री और चाईबासा में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और उमस से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
