रांची : धरती आबा Birsa Munda की पुण्यतिथि पर मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल Santosh Kumar Gangwar और मुख्यमंत्री Hemant Soren ने कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दोनों नेताओं ने बिरसा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को स्मरण किया।
बिरसा मुंडा के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा दी। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने संघर्ष और योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को आज भी देशभर में सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि धरती आबा का संघर्ष, उनका आदर्श और उनके दिखाए रास्ते समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने जीवन में जो इतिहास रचा, उसे सदियों तक याद रखा जाएगा। उनकी पुण्यतिथि पर हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग उनकी समाधि पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
