ऑबर्न : मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने विश्व कप से पहले अपने अंतिम अभ्यास मुकाबले में आइसलैंड को 3-0 से हराकर शानदार तैयारी का संकेत दिया। जॉर्डन-हेयर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम ने शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा।
मेसी ने पेनल्टी पर किया गोल
अर्जेंटीना को शुरुआती बढ़त पहले दस मिनट के भीतर वेलेंटिन बार्को ने दिलाई। दूसरे हाफ में लियोनेल मेसी मैदान पर उतरे और कुछ ही देर बाद मिली पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। यह गोल मेसी के लिए खास रहा, क्योंकि 2018 विश्व कप में आइसलैंड के खिलाफ ही वह पेनल्टी चूक गए थे।
अल्मादा ने जीत पर लगाई मुहर
मुकाबले के 86वें मिनट में थियागो अल्मादा ने रोड्रिगो डी पॉल के पास पर गोल दागकर अर्जेंटीना की 3-0 की जीत सुनिश्चित कर दी। पूरे मैच में अर्जेंटीना ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और आइसलैंड को कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
16 जून से शुरू होगा विश्व कप अभियान
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने विश्व कप से पहले अपना आत्मविश्वास मजबूत किया है। टीम अब 16 जून को कंसास सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी।
