रेंटो मोजो के वेयरहाउस में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

नोएडा : थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित रेंटो मोजो कंपनी के वेयरहाउस में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

चार घंटे तक चला राहत और बचाव अभियान

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। आग विकराल होने के कारण आसपास के जिलों से भी अग्निशमन वाहनों की सहायता ली गई। संयुक्त प्रयास से आग को नियंत्रित किया गया, जबकि अभी भी शीतलन की प्रक्रिया जारी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वेयरहाउस में घरेलू उपकरण, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य सामान भंडारित था, जिसे किराये पर उपलब्ध कराया जाता है। आग लगने के समय परिसर में सुरक्षा कर्मी मौजूद थे, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना दी।

करोड़ों के नुकसान का अनुमान

आग की वजह से वेयरहाउस में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करोड़ों रुपये की संपत्ति प्रभावित हुई है। अधिकारियों के मुताबिक घटना के समय तेज आंधी और हवाओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया था। हालांकि दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोक लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *