नोएडा : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जी दस्तावेजों के सहारे परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी को दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अलग-अलग नाम और जन्मतिथि का इस्तेमाल कर दो बार हाई स्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
केवाईसी जांच में खुला मामला
मिहिर भोज स्नातकोत्तर महाविद्यालय दादरी में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली के दौरान अभ्यर्थी अंकित कुमार की पहचान संबंधी जानकारी में गड़बड़ी सामने आई। परीक्षा केंद्र को नियंत्रण कक्ष से केवाईसी मेल नहीं खाने की सूचना मिली, जिसके बाद उसकी जांच की गई।
दो नाम और अलग-अलग जन्मतिथि का इस्तेमाल
जांच में पता चला कि आरोपी ने वर्ष 2016 में अपना नाम बदलकर अंकित कुमार के नाम से हाई स्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वहीं इससे पहले वर्ष 2009 में वह दूसरी जन्मतिथि और अलग पहचान के साथ हाई स्कूल परीक्षा पास कर चुका था। इस तरह उसने दो अलग-अलग पहचान का उपयोग कर शैक्षणिक अभिलेख तैयार किए।
मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
परीक्षा केंद्र में तैनात सहायक आचार्य की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दादरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन शामिल था।
