Homeराष्ट्रीयरील बनाने के दौरान सरोवर में डूबा छात्र, मौत

रील बनाने के दौरान सरोवर में डूबा छात्र, मौत

गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के शिव मंदिर भौवापार स्थित सरोवर में रील बनाने के दौरान एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब चार घंटे बाद छात्र का शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

मृतक की पहचान बगही गांव निवासी शिवम गुप्ता (16) के रूप में हुई है। वह हाईस्कूल का छात्र था और अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई कक्षा आठ में पढ़ता है।

जानकारी के अनुसार शिवम बुधवार सुबह अपने तीन दोस्तों के साथ एक मोटरसाइकिल से शिव मंदिर भौवापार स्थित सरोवर पर नहाने गया था। वहां कुछ दोस्त स्नान कर रहे थे, जबकि अन्य मोबाइल फोन से रील बना रहे थे। इसी दौरान शिवम रील बनाने के क्रम में सरोवर के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवम को डूबता देख उसका एक साथी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। कुछ ही क्षणों में शिवम गहरे पानी में समा गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिवम का शव सरोवर से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सरोवर के आसपास सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने, घेराबंदी कराने तथा चेतावनी पट्ट लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments