नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सामाजिक जीवन में अच्छे चरित्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शीलवान व्यक्ति समाज में सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी का पात्र बनता है। उन्होंने कहा कि स्थायी सफलता और प्रभावी नेतृत्व की सबसे मजबूत आधारशिला अच्छा चरित्र है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक माध्यम एक्स पर एक संस्कृत सुभाषित साझा किया—
“शीलवान् पूजितो लोके शीलवान् साधुसम्मतः।
शीलवान् सर्वकर्मार्हः शीलवान् प्रियदर्शनः॥”
उन्होंने कहा कि अच्छे चरित्र वाला व्यक्ति समाज में सम्मान प्राप्त करता है और सज्जनों का आदर भी पाता है। ईमानदारी, विनम्रता और अनुशासित आचरण व्यक्ति को हर जिम्मेदारी निभाने के योग्य बनाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट चरित्र वाले व्यक्ति का व्यक्तित्व दूसरों को प्रेरित करता है और उसका आचरण अनुकरणीय बन जाता है। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक विश्वास, प्रभावी नेतृत्व और स्थायी सफलता का सबसे मजबूत आधार अच्छा चरित्र ही है।


