Jharkhand T20 League: रांची टाइटन्स और छोटानागपुर रॉयल्स की रोमांचक जीत

रांची। झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 के छठे दिन जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में रांची टाइटन्स और छोटानागपुर रॉयल्स ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की।

राजदीप सिंह की तूफानी पारी से टाइटन्स की जीत

पहले मुकाबले में संथाल स्ट्राइकर्स ने विवेक कुमार के 44 गेंदों में 101 रनों की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 210/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में रांची टाइटन्स ने कप्तान राजदीप सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर तीन गेंद शेष रहते सात विकेट से मैच जीत लिया। राजदीप ने सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए और 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लीग का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आखिरी ओवर में छोटानागपुर रॉयल्स ने मारी बाजी

दूसरे मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने 20 ओवर में 178/8 का स्कोर बनाया। जवाब में छोटानागपुर रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में एक गेंद शेष रहते दो विकेट से जीत दर्ज की। विराट सिंह (33), अविनाश कुमार (26) और मोहित कुमार (25) ने अहम योगदान दिया, जबकि चंदन कुमार मुखी ने 11 गेंदों में 33 रनों की तेज पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अंक तालिका में टाइटन्स और रॉयल्स मजबूत

इस जीत के साथ रांची टाइटन्स और छोटानागपुर रॉयल्स ने लीग में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। चार मैचों में तीन जीत के साथ कोयलांचल सुपर किंग्स अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि टाइटन्स और रॉयल्स क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *