Homeराष्ट्रीयवडोदरा बस हादसे में छह की मौत, 31 घायल; ट्रक से टकराई...

वडोदरा बस हादसे में छह की मौत, 31 घायल; ट्रक से टकराई लग्जरी बस

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा शहर में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक 9 वर्षीय बालक भी शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा कोटंबी स्टेडियम के पास सुबह करीब चार बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वडोदरा फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

एनडीआरएफ की 6वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 4:40 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर टीम ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 24 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि पांच शवों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए बस की पूरी तरह जांच की गई कि कोई अन्य यात्री अंदर फंसा न रह गया हो।

घायल यात्री बंसीलाल ने बताया कि वह काम के सिलसिले में राजस्थान से सूरत जा रहा था। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई और सभी लोग घबराकर जाग गए। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर मृतकों के नाम जारी नहीं किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments