Homeखेलश्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम घोषित, अल्जारी और शमार जोसेफ...

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम घोषित, अल्जारी और शमार जोसेफ की वापसी

एंटीगा। श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। चोट से उबरने के बाद तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और शमार जोसेफ की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज जोशुआ डा सिल्वा और बाएं हाथ के बल्लेबाज अमीर जंगू को भी टीम में शामिल किया गया है।

अल्जारी और शमार जोसेफ पिछले वर्ष भारत और न्यूजीलैंड दौरे के दौरान चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हो गए थे। दोनों ने आखिरी बार 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। उनकी वापसी से वेस्टइंडीज का तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत हो गया है, जिसमें अनुभवी केमार रोच और जेडन सील्स भी शामिल हैं। वहीं जोशुआ डा सिल्वा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए हालिया वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में सात पारियों में 413 रन बनाए थे और टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। अमीर जंगू ने भी घरेलू सत्र में 411 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सुधार की चुनौती

मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि हर टेस्ट सीरीज टीम के लिए अपनी पहचान मजबूत करने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर होती है। उन्होंने माना कि श्रीलंका एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी है और उसे चुनौती देने के लिए वेस्टइंडीज को अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा। सैमी के अनुसार खिलाड़ी 12 जून से एंटीगा में चल रहे उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रहे हैं, जिससे टीम को अपनी तैयारियों को बेहतर बनाने में मदद मिली है।

यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है। वेस्टइंडीज फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। पहला टेस्ट 25 से 29 जून और दूसरा टेस्ट 3 से 7 जुलाई तक नॉर्थ साउंड में खेला जाएगा। वहीं पिछले दौरे में विकेटकीपिंग करने वाले तेविन इमलाच को मुख्य टीम में जगह नहीं मिली है और उन्हें श्रीलंका के खिलाफ चार दिवसीय अभ्यास मैच के लिए वेस्टइंडीज चयन एकादश का कप्तान बनाया गया है।

वेस्टइंडीज टेस्ट टीम: रोस्टन चेस (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), जॉन कैम्पबेल, टैगेनरीन चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शाई होप, अमीर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, केमार रोच और जेडन सील्स।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments