रांची। राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित सिंदवार टोली में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चों ने देखा खून से लथपथ शव
पुलिस के अनुसार, आरोपित पवन मुंडा ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी बेला मुंडा के साथ मारपीट की, जिससे उनकी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब घर के बच्चे वापस लौटे और उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में घर के अंदर पड़ा पाया।
बताया गया कि बुधवार रात बिजली आपूर्ति बाधित होने और भीषण गर्मी के कारण बच्चे एक रिश्तेदार के घर सोने चले गए थे। सुबह लौटने पर उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद बेला मुंडा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तालाब के पास छिपा मिला आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान सूचना मिली कि पवन मुंडा मोरहाबादी के एदलहातू तालाब के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
